हरिद्वार: अर्धवार्षिक मरम्मत के चलते मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे चार-चार दिन रहेंगे बंद

हरिद्वार: अर्धवार्षिक मरम्मत के चलते मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे चार-चार दिन रहेंगे बंद

स्थान : हरिद्वार

श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। हरिद्वार में स्थित प्रसिद्ध मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के रोपवे आगामी दिनों में अर्धवार्षिक मरम्मत कार्य के चलते अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।

मनसा देवी रोपवे 2 जुलाई से 5 जुलाई तक, जबकि चंडी देवी रोपवे 7 जुलाई से 10 जुलाई तक बंद रहेगा।

ऊषा ब्रेको लिमिटेड के महाप्रबंधक मनोज डोभाल ने जानकारी दी कि यह बंदी नियमित अर्धवार्षिक मरम्मत कार्य के तहत की जा रही है। इसमें ट्रालियों की जांच, केबल का निरीक्षण और आवश्यक तकनीकी रखरखाव किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हर छह महीने में यह मरम्मत कार्य अनिवार्य रूप से किया जाता है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने दर्शन कार्यक्रम इन तिथियों को ध्यान में रखकर बनाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।