

स्थान: लोहाघाट ( चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

प्रसिद्ध कालेशन मंदिर में चार दिवसीय देवी महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हो गया है। महोत्सव की शुरुआत प्रातःकाल सभी देव डांगरों द्वारा भीम पादुका तीर्थ में सामूहिक स्नान से हुई। इसके उपरांत मंदिर गर्भगृह में अखंड दीप तथा परिसर में अखंड धूनी का प्रज्वलन किया गया।



मुख्य पुजारी पंडित हरीश चंद्र चिलकोटी के नेतृत्व में वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई, जबकि पुजारी दीप चंद्र जोशी ने गर्भगृह में समस्त देवताओं का पूजन किया।



मंदिर में ब्राह्मणों द्वारा देवी दुर्गा के स्तुति ग्रंथ दुर्गा सप्तशती का सामूहिक पाठ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।



देव डांगरों के स्नान एवं पूजा में भगवती के धामी डॉ. सुधाकर जोशी, कालिका मैया के जगदीश चंद्र जोशी, कालेशन देवता दीप जोशी, गोरल देवता नरेश पांडेय, सिद्ध बाबा प्रमोद जोशी, काल कैल बाबा प्रदीप जोशी, पंचबलिया महेश पांडेय, भूमिदार बाबा प्रकाश चंद्र जोशी, कटारीमल के कैलाश चंद्र जोशी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।


महोत्सव संयोजक डॉ. सुधाकर जोशी ने जानकारी दी कि महोत्सव के दूसरे दिन सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन के संरक्षक शिव दत्त जोशी एवं रेंजर दीप जोशी ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर देवी महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।



