हरिद्वार देहात में चोरों का आतंक, पुलिस की निष्क्रियता से ग्रामीणों में आक्रोश

हरिद्वार देहात में चोरों का आतंक, पुलिस की निष्क्रियता से ग्रामीणों में आक्रोश

लोकेशन:-भगवानपुर
मुरसलीन अल्वी

हरिद्वार जिले के देहात क्षेत्रों में इन दिनों चोरों ने आतंक मचाया हुआ है। भगवानपुर और बुग्गावाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खेड़ी शिकोहपुर, डाडा, गांजा माजरा, हसनावाला सहित आधा दर्जन गांवों में बीते 10 दिनों में चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण दहशत में हैं, वहीं पुलिस की निष्क्रियता को लेकर लोगों में जबरदस्त रोष है।


विधवा के घर में चोरी, जागने पर धक्का देकर भागे चोर

बीती रात खेड़ी शिकोहपुर गांव में चोरों ने एक विधवा महिला के घर में धावा बोला, जहां गोदरेज अलमारी में रखे सोने के जेवर और करीब 8 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया

महिला के जागने पर चोरों ने धक्का-मुक्की कर भागने की कोशिश की, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल और गहरा गया है। यही नहीं, इसी गांव में एक और चोरी की घटना सामने आई है।


लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में डर का माहौल

खेड़ी शिकोहपुर समेत डाडा, गांजा माजरा, हसनावाला जैसे गांवों में लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की ये सभी घटनाएं बीते 10 दिनों के भीतर हुई हैं और अभी तक पुलिस के हाथ एक भी सफलता नहीं लगी है।


दिन में मजदूरी, रात में पहरा देने को मजबूर ग्रामीण

पुलिस की निष्क्रियता के कारण ग्रामीण खुद ही रात में पहरा देने को मजबूर हैं। एक ग्रामीण ने कहा, “हम दिनभर खेतों में मजदूरी करते हैं, और अब रात में भी नींद छोड़कर पहरा देना पड़ रहा है। पुलिस से कोई मदद नहीं मिल रही है।”


पुलिस पर उठ रहे सवाल, अब तक एक भी केस नहीं सुलझा

ग्रामीणों ने बताया कि चोरी की सभी घटनाएं अभी तक अनसुलझी हैं और पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इससे ग्रामीणों में गुस्सा और अविश्वास दोनों बढ़ रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर ग्रामीणों को राहत दी जा सके।