


टॉप: विकासनगर
रिपोर्ट: सतपाल धानिया

प्रदेश में खराब मौसम और उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना के बाद प्रशासन ने चारधाम यात्रा को एहतियातन 24 घंटे के लिए स्थगित कर दिया है। इसके चलते गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की ओर जा रहे तीर्थयात्रियों और कांवड़ियों को हरबटपुर यात्री पड़ाव पर रोक दिया गया है। रेड अलर्ट जारी होने के बाद प्रशासन ने यह कदम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है।



चारधाम आस्था पथ पर मौसमी आपदाओं के खतरे को देखते हुए पुलिस, तहसील प्रशासन और स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान मौके पर पहुंचकर हरबटपुर यात्रा पड़ाव की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। यात्रा पर अचानक लगी रोक के चलते कुछ तीर्थयात्रियों में मायूसी देखने को मिली, लेकिन कई श्रद्धालु भक्ति और उत्सव के माहौल में डूबे नजर आए।




भक्ति में डूबे कांवड़िए, मायूसी में भी मुस्कान
राजस्थान से गंगाजल लेने गंगोत्री जा रहे कांवड़ियों के जत्थे ने यात्रा रोकने की खबर के बाद हरबटपुर में पहुंचे विधायक मुन्ना सिंह चौहान को साथ बैठाकर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में राजस्थानी लोक नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी भक्ति और ऊर्जा ने वहां मौजूद अन्य मायूस तीर्थयात्रियों के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी।



महाराष्ट्र से आए युवाओं ने हरबटपुर में ही मनाया जन्मदिन
महाराष्ट्र से यमुनोत्री जा रहे 35 सदस्यों वाले तीर्थयात्रियों के दल ने यात्रा रुकने के बाद हरबटपुर यात्री पड़ाव पर ही एक साथी का जन्मदिन केक काटकर मनाया। उन्होंने कहा कि वे यह खास दिन धाम में बिताना चाहते थे, लेकिन अब यात्रा रुकने के कारण यात्रा पड़ाव पर ही इसे यादगार बना रहे हैं।

तीर्थयात्रियों की नाराजगी भी आई सामने
कुछ तीर्थयात्रियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि यात्रा पर रोक लगानी थी, तो हरिद्वार जैसे प्रवेश बिंदु पर ही रोका जाता, जिससे अनावश्यक असुविधा से बचा जा सकता था।


विधायक ने बताया – “यात्रा सुरक्षा कारणों से रोकी गई है”
हरबटपुर में तीर्थयात्रियों से मुलाकात के दौरान विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि मौसम की खराबी को देखते हुए यात्रा को सिर्फ सुरक्षा की दृष्टि से रोका गया है। जैसे ही मौसम सामान्य होगा, यात्रा को फिर से सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं यात्रा पड़ाव पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।



