


लक्सर

लक्सर क्षेत्र से बहने वाली सोलानी नदी इन दिनों उफान पर है और इसके तेज बहाव से कुआंखेड़ा गांव में भय का माहौल बना हुआ है।




गांव के समीप स्थित तटबंध की स्थिति पहले से ही खस्ताहाल है, जिसे देखते हुए सिंचाई विभाग द्वारा सेफ्टी दीवार निर्माण का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी यह कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।



विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के चलते निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया, जिससे तटबंध की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों और आग्रह के बावजूद कोई भी अधिकारी सुनवाई को तैयार नहीं है, जिससे गांव पर नदी के पानी के रिहायशी इलाके में घुसने का खतरा मंडरा रहा है।



ग्रामीणों की चिंता है कि यदि समय रहते सेफ्टी दीवार का निर्माण पूरा नहीं किया गया तो कुआंखेड़ा के साथ-साथ आसपास के कई गांवों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। नदी का पानी यदि तटबंध तोड़ता है, तो बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हुआ, तो वे प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।



उन्होंने जिलाधिकारी और संबंधित उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि गांवों को संभावित आपदा से बचाया जा सके



