

लोकेशन – ऋषिकेश
रिपोर्टर – सागर रस्तोगी


शुक्रवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि श्यामपुर क्षेत्र में ग्वेला और बंगाली नाले उफान पर आ गए हैं।



400 परिवारों का ऋषिकेश से टूटा संपर्क
श्यामपुर के गड़ी क्षेत्र में ग्वेला नाले के रौद्र रूप से करीब 400 परिवारों का संपर्क ऋषिकेश से कट गया है। अस्थायी रूप से बनाया गया रैंप पुल नाले के उफान से बह गया, जिससे आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। मौके पर जेसीबी मशीन से नाले में फंसे पेड़-पौधों और मलबे को हटाकर आवागमन बहाल करने के प्रयास जारी हैं।



बिजली व्यवस्था भी प्रभावित
गड़ी श्यामपुर में नाले के किनारे बिजली के खंभों की नींव कमजोर हो जाने के कारण कई खंभे झुक गए हैं। इससे क्षेत्र में रात से बिजली आपूर्ति ठप है। वहीं, तेज बारिश से सड़कों पर गड्ढे बन गए हैं, जिससे लोगों की आवाजाही और मुश्किल हो गई है।




ठाकुरपुर और पांडे प्लॉट में घरों को नुकसान
बंगाली नाले के उफनाने से ठाकुरपुर और पांडे प्लॉट क्षेत्रों में भी कई घरों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।


प्रशासन पहुंचा मौके पर, स्थायी समाधान की मांग
सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन की टीम प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने रवाना हो गई है।
निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य रीना रांगड़ ने बताया कि “हर साल बरसात के मौसम में ग्वेला नाला ग्रामीणों के लिए संकट बन जाता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए कई बार प्रस्ताव भेजे गए हैं, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।”


गंगा भी चेतावनी रेखा के करीब
वहीं, गंगा का जलस्तर भी बढ़ता जा रहा है और वह चेतावनी रेखा से महज आधा सेंटीमीटर नीचे बह रही है। लगातार बारिश से हालात और बिगड़ने की आशंका है।



