विपक्ष नेता के परिवार को न्याय दिलाकर मानवता की मिसाल बने विधायक अरविंद पांडे

विपक्ष नेता के परिवार को न्याय दिलाकर मानवता की मिसाल बने विधायक अरविंद पांडे

रिपोर्टर :- महेंद्र पालसिंह
स्थान :- गदरपुर

गदरपुर विधायक और पूर्व शिक्षामंत्री अरविंद पांडे एक बार फिर मानवता और सेवा भाव की मिसाल बनकर सामने आए हैं। राजनीति से ऊपर उठकर उन्होंने विपक्षी नेता अरविंद आर्य के परिवार की मदद करते हुए न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस सराहनीय कार्य के लिए शनिवार को विपक्ष के वरिष्ठ नेता अनिल शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल विधायक पांडे के कैंप कार्यालय पहुंचा और उनका आभार व्यक्त किया।

गंभीर ठगी के शिकार हुआ था स्वतंत्रता सेनानी का परिवार
घटना गदरपुर क्षेत्र के आर्यनगर गांव की है, जहां स्वतंत्रता सेनानी परिवार के अरविंद आर्य और अवनिंद्र आर्य ने बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में करीब 17 एकड़ ज़मीन खरीदी थी। बाद में उन्हें पता चला कि ज़मीन विक्रेता भू-माफिया हैं, जिन्होंने फर्जी रजिस्ट्री कर लगभग दो करोड़ रुपये हड़प लिए। जब पीड़ित परिवार ने दाखिल-खारिज और कब्जे की मांग की तो विक्रेताओं ने दस लाख रुपये और मांग लिए। जांच में सामने आया कि जिन खसरा नंबरों की रजिस्ट्री हुई है, वे नक्शे में मौजूद ही नहीं हैं।

थाने में कई बार शिकायत के बाद भी जब कोई कार्यवाही नहीं हुई, तो निराश परिवार आत्महत्या तक का विचार करने लगा। अंततः उन्होंने विधायक अरविंद पांडे से संपर्क किया।

विधायक ने खुद लिया मामले को संज्ञान में
विधायक पांडे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एसएसपी बरेली से बात की और एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस हरकत में आई और विक्रेता पक्ष को थाने तलब किया गया। विधायक ने यह भी सुनिश्चित किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।

विपक्षी नेता ने जताया आभार
विधायक के कार्यालय पहुंचकर विपक्ष के वरिष्ठ नेता अनिल शर्मा ने कहा, “विधायक अरविंद पांडे जी ने राजनीति से ऊपर उठकर जिस तरह एक पीड़ित परिवार की मदद की, वह सराहनीय है। उनका यह कदम मानवता की सच्ची मिसाल है।”

सेवा को धर्म मानते हैं विधायक
इस मौके पर विधायक अरविंद पांडे ने कहा, “मैं गदरपुर विधानसभा का विधायक हूं और यह मेरा धर्म और कर्तव्य है कि मैं हर पीड़ित की मदद करूं, चाहे वह किसी भी दल से जुड़ा हो। यह परिवार स्वतंत्रता सेनानी का परिवार है, और उनके पूर्वज कभी कांग्रेस के विधायक भी रहे हैं। यहाँ कोई राजनीति नहीं, सिर्फ इंसानियत है।”

उनके कैंप कार्यालय में प्रतिदिन कई गरीब और ज़रूरतमंद लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, जिनकी मदद के लिए विधायक हमेशा तत्पर रहते हैं।