


रिपोर्ट : इलम सिंह चौहान
स्थान : विकासनगर(देहरादून)



विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान शनिवार को नवाबगढ़ क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान उस वक्त भड़क उठे जब उन्होंने यूजेवीएनएल की ज़मीन पर अवैध रूप से डंप की गई उपखनिज सामग्री देखी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिस और तहसील कर्मचारियों को लापरवाही के लिए कड़ी फटकार लगाई।



ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे विधायक ने सबसे पहले क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या का जायजा लिया। उन्होंने शक्ति नहर के किनारे बने नाले की खराब स्थिति पर नाराज़गी जताते हुए तत्काल सफाई के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जब वे पुल संख्या-1 के पास पहुंचे तो देखा कि यूजेवीएनएल की भूमि पर अवैध उपखनिज सामग्री डंप की गई है। विधायक ने बताया कि इसी मलबे के कारण नाला क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे जल निकासी बाधित हो रही है और क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।





विधायक चौहान ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई भी संबंधित पक्ष से ही करवाई जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में लापरवाही और अवैध कार्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान कई


स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने विधायक के सामने अपनी समस्याएं रखीं।



