


रिपोर्ट- नीरज कंडारी

रुद्रप्रयाग

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। घोलतीर के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सीधे अलकनंदा नदी में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।



बताया जा रहा है कि बस ऋषिकेश से बद्रीनाथ की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में 15 से 18 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर रुद्रप्रयाग पुलिस, NDRF, SDRF और अन्य रेस्क्यू टीमें पहुंच चुकी हैं। स्थानीय लोग भी राहत व बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।



अब तक 6 घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है, जबकि 1 यात्री की मौत की पुष्टि हुई है। अन्य यात्रियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है। नदी का जलस्तर अधिक होने और बस के सही स्थान का पता न चल पाने के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।


रेस्क्यू टीमों ने आशंका जताई है कि बस में अब भी 7 से 8 लोग लापता हो सकते हैं। ड्रोन, गोताखोरों और नदी किनारे खोजी दस्तों की मदद से सर्च ऑपरेशन तेज किया गया है।




जिला प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। DM और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचने के लिए रवाना हो चुके हैं।


यह हादसा एक बार फिर उत्तराखंड की कठिन भौगोलिक स्थितियों और दुर्गम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में चिंता और दुख का माहौल है। प्रशासन ने परिजनों को हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से संपर्क में रहने की अपील की है।
हादसे से जुड़ी अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है


