चलती ट्रेन में जहरखुरानी कर लूट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, जीआरपी ने दो आरोपी किए गिरफ्तार

चलती ट्रेन में जहरखुरानी कर लूट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, जीआरपी ने दो आरोपी किए गिरफ्तार

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता – सागर रस्तोगी

गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जहरखुरानी गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर पुलिस ने चलती ट्रेन में लूटपाट करने वाले मामले का खुलासा किया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से नशीले कैप्सूल और ₹3,500 की नगदी भी बरामद की है।

इस सनसनीखेज मामले का खुलासा एसपी जीआरपी तृप्ति भट्ट ने किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले चारधाम यात्रा से वापस लौट रही इंदौर की आठ महिलाओं को आरोपियों ने निशाना बनाया था। चलती ट्रेन में इन महिलाओं का पहले सामान चढ़ाने में मदद कर उनका विश्वास जीता गया, फिर उन्हें कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया।

घटना के बाद महिलाएं बेहोशी की हालत में दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां होश में आने के बाद उन्होंने घटना की जानकारी दी और जीरो एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद जीआरपी निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रताप सिंह (निवासी: बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश) और किशन (निवासी: सुपौल, बिहार) के रूप में हुई है। एसपी तृप्ति भट्ट ने बताया कि प्रताप सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश में जहरखुरानी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। इस कामयाबी पर एसपी ने जीआरपी टीम को ₹5,000 का इनाम देने की घोषणा भी की है।

रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण संदेश है और रेलवे पुलिस की सतर्कता का प्रमाण भी। जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी अजनबी से खाद्य या पेय पदार्थ न लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना रेलवे पुलिस को दें।