


रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

रामनगर में उत्तर प्रदेश से मजदूरी करने आया एक श्रमिक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। लापता श्रमिक की पहचान 40 वर्षीय रोहन के रूप में हुई है, जो संभल जिले का रहने वाला है। वह 15 जून को अपने चचेरे भाई देशराज सिंह के साथ रामनगर आया था।



परिजनों के अनुसार, रोहन और देशराज ने 16 और 17 जून को रामनगर में मजदूरी की थी। 18 जून की सुबह रोहन अपने चचेरे भाई के घर से अकेले भवानीगंज चौराहे की ओर मजदूरी के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। वह ना तो अपने भाई के घर लौटा और ना ही अपने पैतृक घर संभल पहुंचा।



परिजनों ने रोहन की काफी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो वे कोतवाली पहुंचे और पुलिस से रोहन को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई।


मामले में कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि लापता श्रमिक की गुमशुदगी की तहरीर प्राप्त हो गई है और पुलिस सक्रियता से जांच में जुटी है।


पुलिस द्वारा उस क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जहां से रोहन के लापता होने की आशंका है। कोतवाल ने बताया कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही रोहन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


लापता होने की इस घटना के बाद से परिजनों में गहरी चिंता का माहौल है और उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।


