


लोकेशन :- जसपुर

रिपोर्टर :- अज़ीम खान

जसपुर नगर स्थित एक वेंकट हॉल में समदर्शी संस्था द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस बार यह समारोह गोल्डन जुबली वर्ष के रूप में मनाया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 275 प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया।



कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष आर.पी. सिंह ने की, जबकि संचालन का दायित्व मास्टर हरदेव सिंह ने निभाया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे जसपुर क्षेत्रीय विधायक आदेश सिंह चौहान का संस्था के पदाधिकारियों द्वारा फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल का भी गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें प्रतीक चिह्न भेंट किया गया।



समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद छोटे-छोटे बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।


मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे वे छात्र जिन्होंने इंटरमीडिएट, हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा समेत अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। इन सभी छात्रों को मंच पर बुलाकर प्रतीक चिन्ह और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।



इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष आर.पी. सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि,
“समदर्शी संस्था बीते 25 वर्षों से समाज हित में कार्य कर रही है। यह सम्मान समारोह केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को प्रोत्साहन देने का एक माध्यम है। इस वर्ष गोल्डन जुबली के अवसर पर 275 प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित कर हम गर्व महसूस कर रहे हैं। भविष्य में भी संस्था समाज हित के कार्यों को निरंतर करती रहेगी।”


समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक उत्साह देखने को मिला।


