


रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

रामनगर के ग्राम बेड़ाझाल निवासी सारिम की 13 जून की रात को हुई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं।



कोतवाली पुलिस को इन दोनों फरार आरोपियों के घरों की कुर्की के लिए न्यायालय से आदेश प्राप्त हो चुके हैं।


आदेश के तहत पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़ों के साथ गांव पहुंचकर दोनों आरोपियों के घरों पर कुर्की की नोटिस चस्पा कर दी है, ताकि आम जनता को इसकी जानकारी हो और आरोपियों पर दबाव बने।


पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि फरार आरोपी जल्द ही आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की की सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सभी आरोपियों को शीघ्र न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।


गौरतलब है कि सारिम की हत्या ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी, और मामले को लेकर स्थानीय लोग भी न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस द्वारा की जा रही सक्रिय कार्रवाई को लेकर क्षेत्रीय जनता ने संतोष व्यक्त किया है।


