रानीखेत में भव्य योग शिविर का आयोजन, 250 से अधिक योग साधकों ने लिया भाग

रानीखेत में भव्य योग शिविर का आयोजन, 250 से अधिक योग साधकों ने लिया भाग

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवा विभाग तथा छावनी परिषद रानीखेत के संयुक्त तत्वावधान में बहुउद्देशीय हाल, छावनी परिसर में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी कुणाल रोहिला और संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने स्वयं योग कर लोगों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका चिलियानौला के अध्यक्ष अरुण रावत, छावनी परिषद के नामित सदस्य मोहन नेगी, हेड़ाखान ट्रस्ट अस्पताल के निदेशक डॉ. विजयशील उपाध्याय समेत डॉ. संजय श्रीवास्तव, डॉ. ललित मोहन जोशी, डॉ. कुबेर सिंह अधिकारी, डॉ. सुधीर सोनी, डॉ. मुकेश कुमार गुप्ता, डॉ. अभिलाषा गुप्ता, डॉ. शैलेन्द्र डागर, डॉ. जितेंद्र पपनोई एवं डॉ. शोभा पपनोई ने भी भागीदारी की।

योगाभ्यास का संचालन राष्ट्रीय योग प्रशिक्षक कविता विष्ट, विवेक भट्ट और गरिमा फर्त्याल ने किया। इन्होंने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान विधियों का अभ्यास कराया।

कार्यक्रम की मुख्य झलकियां:

  • 250 से अधिक योग साधकों ने लिया भाग
  • एडवांस योग करने वाले बच्चों को किया गया सम्मानित
  • योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया
  • कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुकेश कुमार गुप्ता ने किया
  • उपस्थित सभी लोगों ने परिवार सहित प्रतिदिन योग करने की शपथ ली

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा—

“भारत योग की जन्मभूमि है। योग और प्राणायाम न केवल भारत के लिए, बल्कि संपूर्ण विश्व के लिए स्वास्थ्य और आरोग्यता की संजीवनी हैं।”

डॉ. विजयशील उपाध्याय ने योग को दैनिक जीवन का अंग बनाने की अपील की, वहीं मुख्य अधिशासी अधिकारी कुणाल रोहिला ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और जनहितकारी बताया। संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने आयुष विभाग की कार्यशैली और सेवा भाव की सराहना करते हुए सभी अतिथियों और योग साधकों का आभार प्रकट किया।

शिविर में धनसिंह रावत, विमला रावत, डॉ. विनीता खाती, के.के. फर्त्याल, ललित मेहरा, उमेश पंत, गिरीश भगत, दिनेश घुघत्याल, धर्मानंद जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं योग प्रेमी उपस्थित रहे।

अंत में सभी प्रतिभागियों ने परिवार सहित नियमित योग अभ्यास करने का संकल्प लिया, जिससे स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की भावना को बल मिल सके।