

स्थान : हरिद्वार


हरिद्वार में सोमवार को कांग्रेस नेताओं और नगर निगम के कांग्रेस पार्षदों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय में जोरदार हंगामा किया। उन्होंने अपने वार्डों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए एग्जीक्यूटिव इंजीनियर दीपक कुमार को जमकर घेरा और भेदभावपूर्ण रवैये पर जमकर नाराजगी जताई।


महानगर कांग्रेस अध्यक्ष की अगुवाई में पहुंचे कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी विभाग सिर्फ भाजपा पार्षदों के वार्डों में विकास कार्य करा रहा है, जबकि कांग्रेस पार्षदों के क्षेत्रों में सड़क, स्पीड ब्रेकर और पुलिया निर्माण जैसे जरूरी कार्यों को नजरअंदाज किया जा रहा है।


इस दौरान अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी देते हुए कहा—


“यदि हमारे वार्डों में विकास कार्य शीघ्र शुरू नहीं किए गए, तो हम पीडब्ल्यूडी कार्यालय में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे।”

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं और जनप्रतिनिधियों के साथ भेदभाव कर रहे हैं, जिससे जनता की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

पीडब्ल्यूडी अधिकारी दीपक कुमार ने हालांकि कांग्रेस प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सभी वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएंगे। लेकिन कांग्रेस नेताओं ने ठोस कार्रवाई और समयसीमा तय करने की मांग की।



इस प्रदर्शन के बाद पीडब्ल्यूडी कार्यालय में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कांग्रेसियों के तेवरों को देखते हुए यह स्पष्ट है कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।


