टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर बड़ा हादसा टला, उफनते नाले में फंसे युवक को SDRF ने बचाया

टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर बड़ा हादसा टला, उफनते नाले में फंसे युवक को SDRF ने बचाया

स्थान : टनकपुर (चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब खटीमा निवासी युवक तस्लीम पुत्र लईक ने उफनते किरोड़ा नाले को बाइक से पार करने की कोशिश की। लापरवाही में डूबे इस दुस्साहस के दौरान युवक तेज बहाव में फंस गया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और SDRF तथा पुलिस की मुस्तैदी ने युवक की जान बचा ली, अन्यथा यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तस्लीम अपने दोस्तों के साथ टनकपुर घूमने आया था। बारिश के कारण नाला उफान पर था, बावजूद इसके युवक ने चेतावनी संकेतों की अनदेखी करते हुए बाइक से नाला पार करने का प्रयास किया। नतीजतन तेज बहाव में बाइक बह गई और युवक नाले के बीचोंबीच फंस गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल कोतवाल चैतन रावत को सूचना दी, जिसके बाद SDRF और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि उसकी बाइक पानी में बह गई।

रेस्क्यू में एक और जान बचाई गई

रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम को मौके पर एक विक्षिप्त व्यक्ति भी फंसा मिला, जिसे भी सतर्कता और सूझबूझ के साथ सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह दोहरी सफलता टीम की तत्परता और कुशलता का परिचायक रही।

SDRF और पुलिस की टीम की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, वहीं स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली। अधिकारियों ने फिर से अपील की है कि—

“नदियों और नालों के उफान के दौरान कोई भी व्यक्ति चेतावनी संकेतों की अवहेलना न करें, क्योंकि यह जीवन के लिए अत्यंत खतरनाक हो सकता है।”