


लोकेशन : मुनिकीरेती
रिपोर्टर : सागर रस्तोगी


शौक के लिए अवैध हथियार खरीदना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस चेकिंग के दौरान युवक के पास से देसी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



मुनिकीरेती थाना प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र भद्रकाली चौकी पर पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान चौकी प्रभारी प्रदीप रावत की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। जब उसे चेकिंग के लिए रोका गया, तो वह हड़बड़ाकर भागने लगा।


शक होने पर वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेश पांडे और कैलाश गेट चौकी प्रभारी राजेंद्र रावत ने पीछा कर युवक को कुछ दूरी पर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।



पूछताछ में युवक ने अपना नाम अंकित कुमार, मूल निवासी बेगूसराय, बिहार बताया। वह इन दिनों तपोवन स्थित एक होटल में नौकरी कर रहा है। उसने पुलिस को बताया कि उसने यह तमंचा और कारतूस अपने शौक के लिए मुजफ्फरनगर से खरीदे थे।

पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



