

स्थान : चंपावत
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट


शनिवार को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी आईएएस मनीष कुमार ने चंपावत जिले के 24वें जिलाधिकारी के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने पर उन्हें पुलिस विभाग द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इस मौके पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।


श्री कुमार ने कोषागार के डबल लॉक कक्ष में विधिवत अभिलेखों का निरीक्षण कर वरिष्ठ कोषाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कार्यालय परिसर और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और सुधार के लिए कुछ आवश्यक सुझाव दिए।


कार्यभार ग्रहण करने के बाद डीएम मनीष कुमार ने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि—

“हमारी शीर्ष प्राथमिकता जिले में संचालित विकास कार्यों को गति देना, ‘आदर्श चंपावत’ की परिकल्पना को साकार करना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी अधिकारियों को अब 200 नहीं, 400 प्रतिशत देने का समय आ गया है।
“हम सबको समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।”

जल जीवन मिशन की प्रगति पर विशेष बल देते हुए उन्होंने कहा—
“सिर्फ सर्टिफिकेशन नहीं, नलों में सच में पानी आना चाहिए।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिजली, पानी और सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाएं उनकी प्राथमिक फोकस होंगी।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि—

“अपने-अपने विभागों की नियमित समीक्षा करें और परिणामोन्मुखी कार्य करें। अधिकारी बहाने नहीं, समाधान प्रस्तुत करें। शासन की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हमारी ज़िम्मेदारी है।”

श्री कुमार ने यह भी कहा कि प्रशासनिक अधिकारी जनता के प्रति आत्मीयता और सामान्य व्यवहार रखें, जिससे जनसरोकार की भावना सशक्त हो और शासन का मानवीय चेहरा सामने आए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, एसडीएम चंपावत अनुराग आर्य, एसडीएम लोहाघाट नितेश डांगर, एसडीएम टनकपुर अलकेश नौडियाल, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी जिला सभागार में उपस्थित रहे।



