लोहाघाट में महिला की जान बचाने वाले चिकित्सकों और स्टाफ को किया गया सम्मानित

लोहाघाट में महिला की जान बचाने वाले चिकित्सकों और स्टाफ को किया गया सम्मानित

स्थान : लोहाघाट( चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में शनिवार को एक जटिल ऑपरेशन कर महिला की जान बचाने वाली चिकित्सकों की टीम और चिकित्सा स्टाफ को सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी द्वारा शाल उड़ाकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उस मेडिकल टीम को दिया गया, जिसने सीमित संसाधनों के बीच महिला का जीवन बचाने में सफलता पाई।

शुक्रवार को एक महिला को अत्यधिक गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मृणालिनी ने महिला की हालत को गंभीर देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया और रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सोनाली मल्होत्रा की सहायता से अल्ट्रासाउंड जांच की गई। जांच में पता चला कि महिला की ट्यूब में बच्चा फंसकर फट चुका था, जिससे तेज़ रक्तस्राव हो रहा था और जान का खतरा बना हुआ था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. मृणालिनी ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सोनाली मंडल के निर्देशन में, निश्चेतक डॉ. रितु राठी और अस्पताल के चिकित्सा स्टाफ की सहायता से रात में ही महिला का जटिल ऑपरेशन किया। इस दौरान महिला को चार यूनिट रक्त भी चढ़ाया गया। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और अब महिला खतरे से बाहर है। जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

डॉ. मृणालिनी ने बताया कि लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में सीमित संसाधनों के बावजूद वह लगातार जटिल प्रसव और ऑपरेशन कर रही हैं, जिससे अब क्षेत्र की महिलाओं को बाहर के अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। इससे स्थानीय जनता को बड़ी राहत मिली है।

महिला की जान बचाने वाली इस टीम को सम्मानित करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी ने विशेष पहल की। इस अवसर पर उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सोनाली मंडल, डॉ. मृणालिनी, डॉ. सोनाली मल्होत्रा, डॉ. रितु राठी सहित पूरी टीम को शाल भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मान पाने वालों में नर्सिंग ऑफिसर रंजना चंद, बबीता बिष्ट, अंशु मिश्रा, नीतू, बबीता भंडारी, खुशबू, पुष्पा, हिमांसी, हेमलता, वॉर्ड बॉय दीपक बिष्ट, राकेश पंत, उमेश जोशी और राहुल वबाला भी शामिल रहे। इस सम्मान से अस्पताल स्टाफ का मनोबल और सेवाभाव दोनों को नई ऊर्जा मिली है।