


हल्द्वानी

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश के प्राकृतिक और पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने की अपनी मुहिम के तहत एक बार फिर अनोखा आयोजन किया। शनिवार को पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंकट हॉल में उन्होंने “थैंक्यू काफल पार्टी” का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक और आमजन उपस्थित रहे।



कार्यक्रम के केंद्र में रहा पहाड़ का लोकप्रिय फल काफल, जिसका लोगों ने भरपूर स्वाद लिया। हरीश रावत ने इस अवसर पर कहा, “काफल न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि औषधीय गुणों से भी भरपूर है।



यह हमारे पहाड़ी समाज की पहचान है और हमें इसे संजोकर रखना है।” उन्होंने पहाड़ी उत्पादों के संरक्षण और प्रचार के लिए इस तरह के आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।



पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मौके पर हाल ही में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” का भी ज़िक्र करते हुए सेना के अदम्य साहस और पराक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारी सेना हर परिस्थिति में देश की रक्षा में तत्पर रहती है, और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे मौजूद
पार्टी में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भोला भट्ट, आनंद रावत, राहुल छिमवाल, ललित जोशी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने काफल के साथ अन्य पहाड़ी फलों और व्यंजनों का लुत्फ उठाया।


पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत इससे पहले भी समय-समय पर झंगोरा पार्टी, भट्ट की चुरकानी भोज, मंडुए की रोटी आयोजन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की पारंपरिक थाली और संस्कृति को बढ़ावा देते रहे हैं।



