


हल्द्वानी (उत्तराखंड)

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के तहत शनिवार को हल्द्वानी शहर के ऐतिहासिक कालू सिद्ध मंदिर में आयोजित भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर नवनिर्मित मंदिर में छत्र अर्पित किया और राज्यवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।



गौरतलब है कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना के चलते कालू सिद्ध मंदिर का स्थान परिवर्तन कर नवीन स्थल पर भव्य पुनर्निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधियों के साथ मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई।


मंदिर परिसर में इस अवसर पर भक्तिमय वातावरण रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संतजनों और स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन-कीर्तन, हवन, प्रसाद वितरण और धार्मिक झांकियों से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।


मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा, “हमारी सरकार प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए विकास कार्यों को समान रूप से आगे बढ़ा रही है। यह मंदिर न केवल श्रद्धा का केंद्र है, बल्कि सांस्कृतिक पहचान का भी प्रतीक है।”

सीएम ने इस सफल आयोजन के लिए मंदिर समिति, महंत श्री कालू गिरी महाराज तथा श्रद्धालुओं का आभार प्रकट किया और कहा कि सभी के सहयोग से यह परिवर्तन सौहार्दपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हो पाया।


इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाजसेवियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।



