


हरिद्वार

निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गंगा स्नान करने आया एक श्रद्धालु उस वक्त हादसे का शिकार हो गया जब वह गंगा के तेज बहाव में बहने लगा।



जम्मू-कश्मीर से आए श्रद्धालु राहुल की जान उस समय बच पाई जब उसने बहते हुए किसी तरह हाथी पुल के नीचे लटकी जंजीरों को पकड़ लिया और काफी देर तक उसी में लटका रहा।



घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर तैनात उत्तराखंड पीएसी (प्रांतीय सशस्त्र बल) के आपदा राहत एवं बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए बोट के जरिए मौके पर पहुंचकर युवक का रेस्क्यू किया। टीम ने सावधानीपूर्वक उसे गंगा की तेज धारा से बाहर निकाला और सुरक्षित किनारे पर लाया।



गंगा से बाहर आते ही राहुल ने राहत की सांस ली और सभी को धन्यवाद दिया।

उसकी आंखों में डर के साथ-साथ पीएसी जवानों के प्रति आभार भी नजर आया। बताया गया कि यदि कुछ देर और मदद नहीं पहुंचती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।


स्थानीय प्रशासन और बचाव दल की त्वरित कार्रवाई की चारों ओर सराहना हो रही है। घाटों पर तैनात राहत दलों की सजगता ने एक बार फिर यह साबित किया कि सावधानी और सतर्कता से जान बचाई जा सकती है।



