ध्वजा स्थापना के साथ शुरू हुआ कंडोलिया ठाकुर मंदिर का वार्षिक पूजन, भक्तों का उमड़ा सैलाब

ध्वजा स्थापना के साथ शुरू हुआ कंडोलिया ठाकुर मंदिर का वार्षिक पूजन, भक्तों का उमड़ा सैलाब

रिपोर्ट भगवान सिंह

पौड़ी

न्याय के देवता कंडोलिया ठाकुर के प्रसिद्ध मंदिर में शुक्रवार से तीन दिवसीय वार्षिक पूजन का शुभारंभ हो गया। परंपरा के अनुसार ध्वजा स्थापना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें पौड़ी नगर और आसपास के गांवों से लाई गई ध्वजाओं को गाजे-बाजे के साथ मंदिर में चढ़ाया गया।

मंदिर में अखंड रामायण पाठ के साथ भक्ति रस का वातावरण बन गया है। ढोल-दमाऊ की लोकधुनों पर थिरकते हुए कांडई, च्वींचा, रांई, बैंग्वाडी समेत अन्य गांवों के भक्तजन निशान लेकर कंडोलिया ठाकुर के दरबार में पहुंचे।

नगर के मुख्य धारा रोड स्थित छोटे कंडोलिया मंदिर में पहले पूजा-अर्चना की गई, इसके बाद परंपरागत छोलिया नृत्य और नगर परिक्रमा करते हुए ध्वजाओं को मुख्य मंदिर तक लाया गया।

शहर के शीर्ष पर स्थित कंडोलिया मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आयोजन को लेकर सुबह से ही पूरे पौड़ी नगर में खासा उत्साह और चहल-पहल दिखाई दी। भजन-कीर्तन के कार्यक्रमों के साथ वातावरण भक्तिमय हो गया है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी, व्यापार सभा के पूर्व कोषाध्यक्ष कुलदीप गुसांई और भास्कर बहुगुणा ने बताया कि आयोजन के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गढ़वाल के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कंडोलिया ठाकुर के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

भूम्याल देव के प्रति अटूट आस्था और श्रद्धा का प्रतीक यह आयोजन न केवल धार्मिक भावनाओं को अभिव्यक्त करता है, बल्कि पारंपरिक लोक संस्कृति को भी जीवंत बनाता है। आने वाले दो दिनों तक मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, भंडारा और सांस्कृतिक कार्यक्रम चलते रहेंगे।