


स्थान: चंपावत
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

चंपावत जिले के पाटी विकास खंड स्थित भींगराड़ा गांव में महिलाओं ने स्वप्रेरणा से एक विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाकर मिसाल पेश की है।



“हमसे पर्यावरण नहीं, हम पर्यावरण से” के प्रेरणास्पद संदेश के साथ महिलाओं ने पारंपरिक जल स्रोतों – नदी-नौलों की सफाई कर समाज को स्वच्छता व प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।



इस अभियान में महिला मंगल दलों, स्वयं सहायता समूहों और ग्राम स्तरीय अन्य महिला संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।


साफ-सफाई के साथ-साथ जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को भी इस अभियान का अभिन्न हिस्सा बनाया गया।

महिलाओं ने सामूहिक रूप से यह शपथ ली कि वे न केवल अपने गांव बल्कि पूरे क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाएंगी और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित प्रकृति सौंपेंगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक दिन की पहल नहीं, बल्कि एक सतत आंदोलन की शुरुआत है।


स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान पूरे जनपद के लिए एक उदाहरण है और इससे सामूहिक प्रयासों की शक्ति का एहसास होता है।



