


रुद्रप्रयाग

बाबा केदारनाथ की पावन यात्रा में इस बार पुलिस के दो विशेष अभियान — ऑपरेशन मुस्कान और ऑपरेशन मर्यादा — तीर्थयात्रियों के लिए संजीवनी साबित हो रहे हैं।



प्रतिदिन 20,000 से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में परिवार अपने बच्चों व बुजुर्गों के साथ आ रहे हैं।



ऑपरेशन “मुस्कान” लाया चेहरों पर खुशी
यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों, डंडी-कंडी और पैदल यात्रा के दौरान तीर्थयात्री अक्सर अपनों से बिछड़ जाते हैं। पुलिस के पास प्रतिदिन औसतन 7 से 8 मिसिंग रिपोर्ट पहुंच रही हैं, जिन्हें ऑपरेशन मुस्कान के तहत तत्परता से तलाश कर परिजनों से मिलाया जा रहा है। बिछड़े हुए यात्रियों को अपनों से मिलाकर पुलिस चेहरों पर मुस्कान ला रही है।



ऑपरेशन “मर्यादा” ने लगाई अवैध गतिविधियों पर रोक
वहीं, केदारनाथ की धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मर्यादा के तहत अवैध शराब और मांस विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक पुलिस ने—


- 18 लोगों को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है।
- लगभग 1100 बोतल शराब, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये, जब्त की गई है।
- 17 व्यक्तियों के कब्जे से करीब 250 किलो मांस बरामद कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि धार्मिक भावना और तीर्थ की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



