


चमोली

नवीन चन्दोला

खांकरखेत-कौनपुरगढ़ पर्यटन विकास समिति गड़ीनी, नारायणबगड़ के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “पर्यावरण पर्यटन फेस्टिवल 2025” का आयोजन दूरस्थ पर्यटन स्थल ज्ञानसैंण में किया गया।



कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र को इको टूरिज्म हब के रूप में विकसित करना रहा।



कार्यक्रम की शुरुआत वन विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण अभियान से हुई। इसके उपरांत महिला मंगल दलों — खैनोली, गडकोट, कंसोला, मरोड़ा और सयुंटा — ने पौराणिक चांचरी और झुमैलो लोकगीतों व लोकनृत्यों की सुंदर प्रस्तुति दी।


युवाओं के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन भी किया गया, जिससे कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।



सामाजिक कार्यकर्ता देवराज रावत ने कहा कि खांकरखेत-कौनपुरगढ़ पर्यटन सर्किट में इको टूरिज्म की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। क्षेत्र में फॉरेस्ट ट्रैकिंग, कैंपिंग, बर्ड वॉचिंग, वाइल्डलाइफ, हेरिटेज ट्रेल्स और नेचर एडवेंचर के अनेक विकल्प हैं, जो पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं।


इस मौके पर वन विभाग से कमल किशोर सिंह और उनकी टीम, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य भारती रावत, समिति अध्यक्ष देवराज रावत, सचिव रघुबीर बिष्ट, सलाहकार प्रीतम नेगी, उपाध्यक्ष करण सिंह, पुरुषोत्तम ढोंडियाल, पुजारी नंदन सिंह, सरपंच सुरेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, महिला मंगल दल की सदस्याएं और सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


