गोपेश्वर में सांसद अनिल बलूनी ने दिशा समिति की बैठक ली, केंद्र पोषित योजनाओं की समीक्षा

गोपेश्वर में सांसद अनिल बलूनी ने दिशा समिति की बैठक ली, केंद्र पोषित योजनाओं की समीक्षा

चमोली

राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने शुक्रवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय और तालमेल के साथ योजनाओं को गुणवत्तापूर्वक समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।

सांसद ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएमजीएसवाई सड़क, जल जीवन मिशन, दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्वच्छ भारत मिशन, सर्व शिक्षा अभियान और सामाजिक पेंशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं की स्थिति पर संतोष जताते हुए विकास कार्यों में और गति लाने के निर्देश दिए।

संचार सुविधाओं की समीक्षा के दौरान बलूनी ने कहा कि जिले के शैडो एरिया में बीएसएनएल और एयरटेल की मदद से नेटवर्क कनेक्टिविटी सुधारने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए कि केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक अवश्य पहुंचे।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।