


हल्द्वानी

ईद के मौके पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। 6 जून शुक्रवार से 8 जून रविवार तक हल्द्वानी से लगे पर्वतीय क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। यह आदेश एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशानुसार लिया गया है।



पुलिस ने रामपुर रोड, बरेली रोड, चोरगलिया रोड और कालाढूंगी रोड के जरिए नैनीताल, भीमताल, भवाली, अल्मोड़ा और मुक्तेश्वर की ओर जाने वाले सभी दोपहिया वाहनों को बीच रास्ते से ही वापस भेजने का निर्णय लिया है।


इस व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए टांडा बैरियर, बेलबाबा, नारीमन तिराहा, भीमताल मोड़ और कालाढूंगी के नैनीताल तिराहा सहित छह प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं।


पुलिस ने पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर चौकसी बढ़ा दी है। संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं

कि वे अपने क्षेत्रों में कड़ी चेकिंग कर दोपहिया वाहनों को पर्वतीय क्षेत्र की ओर न जाने दें। विशेष रूप से चोरगलिया और कालाढूंगी रोड से गुजरने वाले वाहनों को भी बैरियर से वापस किया जाएगा।


पुलिस ने यह कदम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है, ताकि ईद के दौरान अनियंत्रित ट्रैफिक और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।



