


स्थान : देहरादून


देहरादून। एफटी एथलीट गेम्स 2024 में हिस्सा लेने आई महिला खिलाड़ी के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि साथी खिलाड़ी ने पहले उसे नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्डड्रिंक पिलाई, फिर उसके साथ दुष्कर्म कर इसका वीडियो बना लिया। आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा।



शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, यह प्रतियोगिता सितंबर 2024 में देहरादून में आयोजित हुई थी। पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 20 सितंबर को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए देहरादून आई थी और एक धर्मशाला में ठहरी थी। यहीं उसकी मुलाकात अमन कुमार मेहरा नाम के युवक से हुई, जो रुद्रपुर के आवास विकास क्षेत्र का निवासी है। अमन भी उसी खेल प्रतियोगिता में प्रतिभागी था।


पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने पहले एक व्हाट्सएप ग्रुप से उसका नंबर निकालकर मैसेज और कॉल किए। फिर एक दिन कोल्डड्रिंक पीने के बहाने उसके कमरे में आया। आरोप है कि कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला हुआ था, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। इसी हालत में अमन ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना लिया।



वह वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लगातार पीड़िता को ब्लैकमेल करता रहा। डर के चलते युवती कई महीनों तक चुप रही और किसी को कुछ नहीं बता पाई। आखिरकार हिम्मत जुटाकर उसने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अमन कुमार मेहरा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।



