


स्थान : देहरादून


राजधानी देहरादून में बुधवार को दिनभर की उमस भरी गर्मी के बाद तीन घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।


बुधवार को दोपहर दो बजे तक तेज गर्मी और उमस के बीच जैसे ही मेघ बरसे, मौसम सुहावना हो गया। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर समेत कई मैदानी इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मंगलवार की तुलना में बुधवार को दून में अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।



मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दून का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री तक की और गिरावट की संभावना जताई गई है, जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।


इन जिलों में जारी किया गया येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर, पौड़ी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ तीव्र से अति तीव्र बारिश होने की संभावना है। साथ ही 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
जलभराव और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं की संभावना को देखते हुए आपात सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है।


“राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं। अगले कुछ दिनों तक मौसम यूं ही बदलता रहेगा।”
— मौसम विभाग, देहरादून



