


स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
रिपोर्ट : अशोक सरकार


जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा तहसील क्षेत्र अंतर्गत सिसैया बंधा, बकुलिया, खिलाड़िया सहित कई गांवों में आज तड़के करीब 4 बजे अचानक हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि ने ग्रामीणों की नींद और चैन दोनों छीन लिए। करीब 15 मिनट तक हुई तेज ओलावृष्टि से कई घरों की छतें टूट गईं, और घरों का सारा सामान भीगकर बर्बाद हो गया।



ग्रामीण अजय विश्वास ने बताया कि ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि टिन की पुरानी छतें कई जगह से फट गईं, जिससे घर के अंदर रखा सामान पूरी तरह भीग गया। उन्होंने कहा कि यह गरीब परिवारों के लिए बहुत बड़ी क्षति है, क्योंकि उनके पास अब पुनः छत और सामान की व्यवस्था करने का साधन नहीं है।



प्रधान प्रतिनिधि ने किया नुकसान का जायजा
ग्राम बकुलिया के प्रधान पति बिपिन कुमार ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों का स्थलीय निरीक्षण किया और बताया कि,


“अचानक हुई इस ओलावृष्टि से कई लोगों के कच्चे-पक्के मकानों को नुकसान हुआ है। हम सरकार से मांग करेंगे कि नुकसान का शीघ्र आंकलन कर प्रभावितों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।”

कुछ क्षेत्रों में केवल बारिश, ओलावृष्टि नहीं
हालांकि कुछ गांवों में केवल बारिश दर्ज की गई और ओलावृष्टि नहीं हुई, जिससे उन क्षेत्रों में नुकसान की मात्रा कम रही। लेकिन जिन इलाकों में ओलावृष्टि हुई, वहां फसलों और छतों के साथ घरेलू सामग्री को भी नुकसान पहुंचा है।


प्रशासन से राहत की उम्मीद
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि तत्काल राहत टीम भेजी जाए और तत्काल मुआवजा व पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रभावित लोगों को अस्थायी आश्रय की आवश्यकता है, क्योंकि कुछ परिवारों के पास अब सिर ढकने को भी छत नहीं बची।




