आपदा में बंद सड़कों की सूचना अब मोबाइल एप के ज़रिए : PWD ने किया ‘रियल टाइम रोड क्लोजर रिपोर्ट’ एप लॉन्च

आपदा में बंद सड़कों की सूचना अब मोबाइल एप के ज़रिए : PWD ने किया ‘रियल टाइम रोड क्लोजर रिपोर्ट’ एप लॉन्च

स्थान : हल्द्वानी

आपदा के समय क्षतिग्रस्त और बंद हो जाने वाली सड़कों की सूचना अब चंद मिनटों में मुख्यालय तक पहुंचेगी। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इस दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाते हुए नया मोबाइल एप ‘रियल टाइम ऑनलाइन रोड क्लोजर रिपोर्ट’ तैयार किया है। इस एप के माध्यम से अब राज्य के किसी भी हिस्से में बंद सड़क की रिपोर्ट तुरंत ऑनलाइन अपडेट की जा सकेगी, जिसे मुख्य अभियंता से लेकर अवर अभियंता तक के अधिकारी एक साथ देख सकेंगे।

यह एप विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में बरसात, भूस्खलन या अन्य आपदाओं के कारण सड़कों के बंद होने की स्थिति में बेहद उपयोगी साबित होगा। पहले ऐसी सूचनाओं को मुख्यालय तक पहुंचाने में तीन से चार घंटे लग जाते थे, जिससे राहत और मरम्मत कार्य में देरी होती थी। अब यह कार्य मात्र कुछ मिनटों में पूरा हो सकेगा।

कार्यदायी संस्था की अभिनव पहल

इस एप को लोक निर्माण विभाग मुख्यालय की ओर से आपदा प्रबंधन को सुचारु और प्रभावी बनाने की दिशा में कार्यदायी संस्था के सहयोग से तैयार किया गया है। एप के माध्यम से अधिकारी स्थानीय स्थिति की फोटो और विवरण अपलोड कर सकेंगे, जो तुरंत सभी संबंधित अधिकारियों तक पहुंच जाएगा।

प्रदेशभर के अभियंताओं को दी गई प्रशिक्षण

मंगलवार को हल्द्वानी स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय में इस एप की ऑनलाइन ट्रेनिंग आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर के AE, JE और अधिशासी अभियंता शामिल हुए।
अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने जानकारी दी कि,

“एप को इस्तेमाल करना बेहद आसान है और इससे अब रिपोर्टिंग प्रणाली और भी अधिक पारदर्शी व प्रभावी हो जाएगी।”

एप की खासियत:

  • रियल टाइम अपडेट की सुविधा
  • फोटो, लोकेशन व विवरण की तत्काल रिपोर्टिंग
  • विभागीय अधिकारियों तक सूचना की तत्काल पहुंच
  • आपदा के समय राहत व बहाली कार्य में तेजी
  • पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष रूप से प्रभावी

इस एप के उपयोग से न केवल आपदा के समय की चुनौतियों से बेहतर तरीके से निपटा जा सकेगा, बल्कि आम जनता को भी सड़कों के जल्दी खुलने से बड़ी राहत मिलेगी।