उत्तराखंड को जल्द मिलेगा पहला खेल विश्वविद्यालय, राज्यपाल ने एक्ट को दी मंजूरी

उत्तराखंड को जल्द मिलेगा पहला खेल विश्वविद्यालय, राज्यपाल ने एक्ट को दी मंजूरी

देहरादून

सचिन कुमार

उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात की तैयारी अंतिम चरण में है। राज्य को जल्द ही अपना पहला खेल विश्वविद्यालय मिलने जा रहा है। बुधवार को राज्यपाल ने खेल विश्वविद्यालय एक्ट को अधिसूचित कर दिया है, जिससे इसकी स्थापना का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है।

प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने जानकारी दी कि राजभवन की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है और सरकार आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने जा रही है। उन्होंने बताया कि शिलान्यास से पूर्व सभी जरूरी तैयारियों को पूर्ण करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं।

रेखा आर्या ने इसे प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा, “खेल विश्वविद्यालय बनने से प्रदेश के खिलाड़ियों को न केवल उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि शिक्षा का भी मजबूत मंच उपलब्ध होगा।” विश्वविद्यालय की स्थापना हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में की जाएगी।

खेल मंत्री ने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु आवश्यक सभी मानकों और प्रक्रियाओं को पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दे दिए गए हैं और प्रयास किया जा रहा है कि इसे जल्द से जल्द शुरू किया जाए।