

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता -सागर रस्तोगी


उत्तराखंड के निचले इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी अब लोगों की आंखों के लिए भी खतरनाक साबित हो रही है। वाहनों से निकलने वाला धुआं और धूल भरी आंधी आंखों में एलर्जी पैदा कर सकती है, जिससे आंखें लाल होना, जलन और खुजली जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।



ऋषिकेश के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजे नेगी ने आंखों को गर्मी के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए कुछ अहम सुझाव जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आंखों की देखभाल अत्यंत आवश्यक हो जाती है, क्योंकि यह मौसम आंखों के लिए अत्यंत संवेदनशील होता है।



डॉ. नेगी के सुझावों में प्रमुख बातें:
- धूप का चश्मा लगाएं: बाहर निकलते समय धूप के चश्मे का प्रयोग जरूर करें। इससे न सिर्फ धूप की तेज किरणों से आंखों को राहत मिलेगी, बल्कि धूल और धुएं से भी बचाव होगा।
- आंखों को धोना न भूलें: बाहर से लौटने पर आंखों को साफ पानी से जरूर धोएं।
- गुलाब जल का प्रयोग करें: सुबह और शाम आंखों में गुलाब जल डालने से जलन और सूजन से राहत मिल सकती है।
- घरेलू इलाज से बचें: आंखों में जलन या एलर्जी होने पर घरेलू नुस्खों का प्रयोग करने से बचें और तुरंत नेत्र चिकित्सक से परामर्श लें।
- टोपी या कैप पहनें: धूप से बचाव के लिए टोपी या कैप पहनना भी लाभदायक है।


डॉ. नेगी ने यह भी कहा कि गर्मी के मौसम में आंखों से जुड़ी कोई भी समस्या नजरअंदाज नहीं करनी चाहिए। समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेकर इलाज कराना ही सबसे बेहतर उपाय है।


