

टॉप – रुड़की
संवाददाता – प्रवेश राय

लंधौरा क्षेत्र शुक्रवार को उस समय राजनीतिक गर्मागर्मी का केंद्र बन गया जब निर्दलीय विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह ‘चैंपियन’ के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया। यह विवाद एक सड़क हादसे से शुरू हुआ और जल्द ही आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिन में उमेश कुमार के काफिले पर कथित हमला हुआ। विधायक उमेश कुमार ने इस हमले के लिए पूर्व विधायक चैंपियन को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि “हमलावर गाड़ी में चैंपियन स्वयं मौजूद थे और यह हमला उन्हीं के इशारे पर किया गया।”



दूसरी ओर, चैंपियन ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा, “मैं अपनी टीम के साथ शांति से अपने घर जा रहा था। यह विवाद सिर्फ गाड़ी की साइड लगने की मामूली बात को बेवजह तूल देने का प्रयास है।”


उन्होंने यह भी कहा कि “एक विधायक को अपने क्षेत्र के विकास पर ध्यान देना चाहिए, न कि इस तरह के झगड़ों में पड़ना चाहिए। जनता ने वोट विकास के लिए दिया है, विवाद के लिए नहीं।”

फिलहाल, स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। दोनों पक्षों के समर्थक भी सक्रिय नजर आए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए लोगों से संयम बरतने की अपील की है।


