
देहरादून

उत्तराखंड के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने जानकारी दी है कि खेल विश्वविद्यालय एक्ट को राज्यपाल की मंजूरी मिल गई है। इस संबंध में राजभवन द्वारा आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया गया है।


मंत्री आर्या ने बताया कि राज्य सरकार राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने की योजना बना रही है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए शिक्षा और खेल विकास का एक बड़ा मंच बनेगा। विश्वविद्यालय के निर्माण और संचालन में किसी भी मानक की कमी न रहे, इसके लिए खेल मंत्री ने अधिकारियों को सभी मानकों को पूर्ण रूप से अनुपालित करने के निर्देश दिए हैं।

संभावित लाभ:
- खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और शैक्षणिक सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।
- राज्य के युवाओं को खेल क्षेत्र में करियर की दिशा में बेहतर अवसर मिलेंगे।
- उत्तराखंड खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त बनेगा।

