तपोवन में कैफे संचालक की गोली मारकर हत्या, CCTV में स्कूटी सवार दो हमलावर कैद

तपोवन में कैफे संचालक की गोली मारकर हत्या, CCTV में स्कूटी सवार दो हमलावर कैद

ऋषिकेश (मुनिकीरेती)

रेपोर्ट -सागर रस्तोगी

तपोवन क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक कैफे संचालक की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया प्रॉपर्टी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नितिन देव, निवासी नोएडा, के रूप में हुई है। नितिन का तपोवन स्थित डेक्कन वैली में फ्लैट है और वीरभद्र रोड पर उसका एक कैफे भी है। मंगलवार रात वह अपने कैफे से फ्लैट लौट रहा था, तभी फ्लैट के नीचे पहले से घात लगाए दो स्कूटी सवार बदमाशों ने उस पर चार गोलियां दाग दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। घटनास्थल की छानबीन के बाद CCTV फुटेज में स्कूटी सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेश पांडे ने बताया कि हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला रियल एस्टेट (प्रॉपर्टी) विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि नितिन डेक्कन वैली में अकेला रहता था और उसके तीन अन्य फ्लैट किराए पर लगे हुए हैं। फिलहाल परिजन घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है

क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।