

स्थान:चंपावत
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट


डीएम नवनीत पांडे ने जिले में बंद पड़ी सड़कों की नालियों और कलमठों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने एनएच, पीडब्लूडी, पीएमजीएसवाई, जिला पंचायत और नगर पालिकाओं को निर्देशित किया है कि 31 मई तक सभी नालियां और कलमठ हर हाल में खोले जाएं, अन्यथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।



डीएम पांडे ने कहा कि मानसून से पहले की तैयारियां बेहद जरूरी हैं और कोई भी लापरवाही आपदा का कारण बन सकती है। उन्होंने बताया कि बाढ़ सुरक्षा योजना, नदी चैनलाइजेशन और सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को 15 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।



उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूरे प्रशासन को अलर्ट मोड में रखा जाएगा, ताकि मानसून सीजन में संभावित आपदाओं से निपटा जा सके और जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।


डीएम की इस चेतावनी के बाद सभी निर्माण एजेंसियों में हलचल तेज हो गई है और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को लेकर गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।


