लक्ष्मणझूला में सक्रिय अंतराज्यीय महिला टप्पेबाज गिरोह गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया चोरी का पूरा सामान

लक्ष्मणझूला में सक्रिय अंतराज्यीय महिला टप्पेबाज गिरोह गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया चोरी का पूरा सामान

स्थान : पोड़ी
रिपोर्ट : जय ममगाई

चारधाम यात्रा सीजन के बीच लक्ष्मणझूला क्षेत्र में सक्रिय एक अंतराज्यीय महिला टप्पेबाज गिरोह को पौड़ी पुलिस ने रविवार सुबह नाग बाबा तिराहे के पास दबोच लिया। गिरोह की सातों महिला सदस्य फरीदपुरी, दिल्ली की रहने वाली हैं और पूर्व में प्रयागराज, हरिद्वार और नासिक में भी इसी प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे चुकी हैं।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पश्चिम बंगाल की रहने वाली पर्यटक अंशुमाला बंसल ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि गीता आश्रम के पास कुछ महिलाओं ने उन्हें बातों में उलझाकर उनका कीमती बैग चोरी कर लिया। बैग में डेबिट और क्रेडिट कार्ड, नकदी और अन्य जरूरी सामान था।

एसएसपी लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल द्वारा गठित फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध महिलाओं की पहचान की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार सुबह नाग बाबा तिराहे के पास सातों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया और उनका पूरा सामान बरामद कर लिया।

गिरफ्तार महिलाएं इस प्रकार हैं:

  • नैना पत्नी अमजद (24 वर्ष)
  • प्रिया पत्नी सरजू (40 वर्ष)
  • प्रीति पत्नी गोविंद
  • साक्षी पत्नी धर्म सिंह (18 वर्ष)
  • कोमल पत्नी वृष (20 वर्ष)
  • सोनिया पत्नी नीरज (26 वर्ष)
  • शारदा पत्नी अमन (30 वर्ष)

सभी महिलाएं फरीदपुरी, दिल्ली की निवासी हैं और पारिवारिक रिश्तेदार भी हैं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्यटकों को निशाना बनाती हैं।

थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया कि गिरोह के सभी सदस्यों का आपराधिक इतिहास खंगालने के लिए राज्य एवं राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो से संपर्क किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

फ्लाइंग स्क्वायड में शामिल अधिकारी:
उपनिरीक्षक उत्तम रमोला, अपर उपनिरीक्षक मनाली राठी, हेड कांस्टेबल सुवर्धन, केसर सिंह और राजीव कवि ने इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।

थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पुलिस आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।