भाजपा नेता श्याम नारायण पांडे के लोहाघाट आगमन पर भव्य स्वागत

भाजपा नेता श्याम नारायण पांडे के लोहाघाट आगमन पर भव्य स्वागत

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड सरकार की वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष बनाए गए श्याम नारायण पांडे के लोहाघाट आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। यह उनका इस दायित्व मिलने के बाद लोहाघाट का पहला दौरा था।

भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गिरीश कुवर की अध्यक्षता में आयोजित इस स्वागत समारोह में पांडे का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया और सभी ने इस बात पर खुशी जताई कि चंपावत जिले का एक समर्पित नेता राज्य स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम में श्याम नारायण पांडे ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा अपने निष्ठावान कार्यकर्ताओं को कभी नहीं भूलती। उन्होंने कहा, “मैंने सपने में भी नहीं सोचा था कि मुझे इस प्रकार का दायित्व मिलेगा। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हृदय से धन्यवाद करता हूं।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी, जनता और क्षेत्र के विकास के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने का आग्रह किया और यह भी कहा कि पार्टी हमेशा अपने समर्पित कार्यकर्ताओं पर नजर बनाए रखती है और समय आने पर उन्हें सम्मान भी देती है। पांडे ने यह भी संकल्प लिया कि वह मुख्यमंत्री द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे और उत्तराखंड के जंगलों और पर्यावरण संरक्षण के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल माहरा, सुभाष बगोली, राजू गढ़कोटी, व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष जुकरिया, सतीश पांडे, चंद्रशेखर बगोली, जीवन गहतोड़ी, रेंजर दीप जोशी, मोहन पाटनी, महेश बोरा, गोविंद बोरा, अमित शाह, सूरज कुमार, पंकज ढेक, आशीष राय, दीपक गोस्वामी, राजेंद्र प्रसाद सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।