चंपावत में दर्दनाक सड़क हादसा, रेस्टोरेंट स्वामी की मौत

चंपावत में दर्दनाक सड़क हादसा, रेस्टोरेंट स्वामी की मौत

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मादली क्षेत्र में टाटा मोटर्स के पास शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक रेस्टोरेंट स्वामी की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार मादली क्षेत्र में दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक बाइक सवार सड़क से गुजर रहे कैंटर की चपेट में आ गया।

हादसे में बाइक सवार देव सिंह रावत गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक देव सिंह रावत चंपावत में “मास्टर शेफ” नाम से रेस्टोरेंट चलाते थे और क्षेत्र में काफी परिचित थे।

भाजपा नेता कैलाश अधिकारी ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चंपावत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि देव सिंह रावत की पत्नी का करीब दो वर्ष पहले निधन हो चुका था। परिवार पहले ही इस दुख से गुजर रहा था।

अब देव सिंह रावत की मौत के बाद उनके दो बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठ गया है। घटना से परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक है।