बहादराबाद टोल प्लाजा पर महिला से बदसलूकी, दिल्ली के चार युवक हिरासत में

बहादराबाद टोल प्लाजा पर महिला से बदसलूकी, दिल्ली के चार युवक हिरासत में

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

बहादराबाद टोल प्लाजा पर एक महिला से कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने दिल्ली से आए चार युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत ओवरटेक को लेकर हुई। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और युवकों पर महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा।

महिला ने मौके पर ही पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया और तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बहादराबाद कोतवाल अमरजीत ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम को सक्रिय किया। चारों युवकों को टोल प्लाजा पर ही रोककर हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए चारों युवक दिल्ली से आए थे। प्रारंभिक जानकारी में उनके शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस ने चारों युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।