


केदारनाथ


श्रद्धालुओं के लिए एक अत्यंत शुभ दिन—आज पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट खुलने जा रहे हैं। कपाट खोलने की प्रक्रिया सुबह 5 बजे से शुरू होगी, जिसमें परंपरा अनुसार पहले केदारनाथ के रक्षक भैरवनाथ की पूजा-अर्चना की जाएगी।



सुबह ठीक 6:45 बजे बाबा केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए जाएंगे। इस शुभ अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं मौजूद रहेंगे और पूजा-अर्चना में भाग लेंगे।


गौरतलब है कि हर वर्ष अक्षय तृतीया के दिन बाबा केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाते हैं, और यह दिन चारधाम यात्रा की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। देशभर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच रहे हैं और इस पावन क्षण के साक्षी बनने को आतुर हैं।


स्थानीय प्रशासन और देवस्थानम बोर्ड द्वारा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। सुरक्षा, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


