नकली फूड अधिकारी बनकर कर रहे थे ठगी, पुलिस ने तीनों को किया गिरफ्तार

नकली फूड अधिकारी बनकर कर रहे थे ठगी, पुलिस ने तीनों को किया गिरफ्तार

देहरादून,विकासनगर

हरबर्टपुर-पांवटा रोड स्थित एक डेरी पर फूड इंस्पेक्टर बनकर ठगी करने आए तीन फर्जी अधिकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी की सूझबूझ और तत्परता से संभव हो सकी।

मामले के अनुसार, तीन युवक एक डेरी पर पहुंचे और खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताते हुए दुकान में रखे पनीर और मक्खन की जांच करने लगे। उन्होंने उत्पादों को नकली बताते हुए कानूनी कार्रवाई की धमकी दी और मौके से ₹3500 वसूल लिए।

डेरी संचालक को शक हुआ, तो उसने तुरंत खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी से संपर्क किया। जब यह स्पष्ट हुआ कि वे तीनों अधिकारी नहीं हैं, तो तिवारी ने उनका पीछा किया और उन्हें लखनवाला स्थित एक होटल पर रंगे हाथों पकड़ा, जहां वे फिर से सैंपलिंग के नाम पर पैसे मांग रहे थे।

इसके बाद तीनों को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक काले रंग का बैग मिला, जिसमें से एक छोटा प्लास्टिक डिब्बा, ₹1400 नगद (एक ₹500 का नोट व नौ ₹100 के नोट), एक किचन थर्मामीटर, तथा 42 प्रिंटेड फार्म वाली एक फाइल बरामद की गई।

शिकायतकर्ता की लिखित तहरीर के आधार पर थाना विकासनगर में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204/308(2)/318(2)/3(5) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को शीघ्र ही माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी अधिकारी की पहचान की पुष्टि किए बिना कोई भुगतान न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना संबंधित विभाग या पुलिस को दें।