ऋषिकेश में भव्य होगा लायंस दिवाली मेला, 8 अक्टूबर को मिस ऋषिकेश के ऑडिशन

ऋषिकेश में भव्य होगा लायंस दिवाली मेला, 8 अक्टूबर को मिस ऋषिकेश के ऑडिशन

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

लायंस दिवाली मेले को इस बार नए कलेवर और बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में मेला चेयरमैन पंकज चांदनी ने मेले की तैयारियों और प्रमुख आकर्षणों की जानकारी दी।

पंकज चांदनी ने बताया कि इस बार मेले को बड़े मैदान और नए आकर्षणों के साथ आयोजित किया जाएगा। मेले में बच्चों, युवाओं और परिवारों के मनोरंजन के लिए विभिन्न गतिविधियां रखी जाएंगी।

मेले के प्रमुख आकर्षणों में ‘मिस ऋषिकेश 2026’, डांस कॉम्पिटिशन और सिंगिंग कॉम्पिटिशन शामिल होंगे। इसके साथ ही नई गाड़ियों की प्रदर्शनी और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मेले में गेम्स और अन्य मनोरंजन गतिविधियों के साथ खान-पान तथा शॉपिंग के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि मेले को परिवारों के लिए मनोरंजन और खरीदारी का प्रमुख मंच बनाने की तैयारी की जा रही है।

मेला चेयरमैन ने बताया कि ‘मिस ऋषिकेश 2026’ के लिए 8 अक्टूबर को ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। इसमें ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों की इच्छुक युवतियां भाग ले सकेंगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की प्रतिभा, प्रस्तुति, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और रचनात्मकता को महत्व दिया जाएगा। ऑडिशन के लिए पंजीकरण से संबंधित पूरी जानकारी आयोजकों की ओर से जल्द जारी की जाएगी।

क्लब अध्यक्ष ऋषभ जैन ने कहा कि लायंस दिवाली मेला अब ऋषिकेश की वार्षिक परंपरा बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार आयोजन को पहले से अधिक भव्य और यादगार बनाने के लिए क्लब की पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है।

क्लब सदस्य अभिनव गोयल और सुमित चोपड़ा ने शहरवासियों से परिवार सहित बड़ी संख्या में मेले में पहुंचने की अपील की। पत्रकार वार्ता में अभिनव गोयल, सागर ग्रोवर, अमित सिंघल, लविस अग्रवाल सहित क्लब के कई सदस्य मौजूद रहे।