उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह 18 नवंबर को, 14,857 शिक्षार्थियों को मिलेंगी उपाधियां

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह 18 नवंबर को, 14,857 शिक्षार्थियों को मिलेंगी उपाधियां

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का एकादश दीक्षांत समारोह आगामी 18 नवंबर 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में अध्ययन पूरा करने वाले कुल 14,857 शिक्षार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जबकि उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

दीक्षांत समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) के अध्यक्ष तथा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव दीक्षांत उद्बोधन देंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की विद्या परिषद और कार्य परिषद के सदस्यों सहित शिक्षाविद् एवं अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहेंगे।

विश्वविद्यालय के लिए इस वर्ष का दीक्षांत समारोह कई मायनों में विशेष माना जा रहा है। विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और अन्य शैक्षणिक कार्यक्रमों में सफलता हासिल करने वाले कुल 14,857 शिक्षार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। वहीं, विभिन्न पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले 36 शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता के लिए अब तक 292 शिक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस अवसर पर देश के प्रतिष्ठित प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ तथा भारतीय रेल सेवा के वर्ष 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। अश्वनी लोहनी ने अपने सेवाकाल के दौरान भारतीय रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। रेलवे, विमानन और पर्यटन के क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए विश्वविद्यालय ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

अश्वनी लोहनी की उपलब्धियों में विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ का पुनरुद्धार एवं संचालन प्रमुख है, जिसके लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। इसके अतिरिक्त चार अलग-अलग अभियांत्रिकी विधाओं में डिग्री के समकक्ष योग्यताएं अर्जित करने के लिए उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। वर्तमान में वह नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें मानद उपाधि प्रदान किया जाना उनकी विशिष्ट उपलब्धियों का सम्मान होगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि एकादश दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा का महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधियां प्रदान करने का आयोजन नहीं है, बल्कि यह शिक्षार्थियों के कठिन परिश्रम, प्रतिबद्धता और शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षार्थियों की सफलता विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

कुलपति प्रो. लोहनी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय राज्य के दूरस्थ, ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। बदलते शैक्षणिक और तकनीकी परिवेश में विश्वविद्यालय डिजिटल शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को विशेष प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के माध्यम से ऐसे शिक्षार्थियों को भी उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो विभिन्न परिस्थितियों के कारण नियमित शिक्षण संस्थानों में अध्ययन नहीं कर पाते।

कुलपति ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी शिक्षार्थियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने ज्ञान, कौशल और अनुभव से समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपाधियां प्रदान करना नहीं, बल्कि शिक्षार्थियों को आत्मनिर्भर, कौशलयुक्त और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। विश्वविद्यालय परिवार ने सभी उपाधि प्राप्तकर्ताओं और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों एवं प्रतिभागियों के स्वागत की तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया है।