हल्द्वानी में अवैध ऑटो और अतिक्रमण पर चला प्रशासन का शिकंजा

हल्द्वानी में अवैध ऑटो और अतिक्रमण पर चला प्रशासन का शिकंजा

हल्द्वानी

जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में स्थानीय प्रशासन, नगर निगम और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी शहर में प्रवर्तन एवं सत्यापन अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध रूप से संचालित तीन-पहिया वाहनों और तेजी से बढ़ते अतिक्रमण पर नियंत्रण पाना था।

अभियान के तहत 80 से अधिक तीन-पहिया वाहनों की जांच की गई, जिसमें मोटर वाहन अधिनियम के तहत 45 चालान काटे गए तथा 6 ऑटो रिक्शा जब्त किए गए।

सड़क किनारे लगे फड़ और ठेलों की जांच में नगर निगम पंजीकरण न होने पर 15 ठेलों को हटाया गया और उनकी सामग्री जब्त की गई। साथ ही नगर निगम अधिनियम के अंतर्गत 17 चालान जारी किए गए

प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण की पहचान कर तत्काल उसे हटाया। इसके साथ ही बाहरी व्यक्तियों की पहचान व दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया।

नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि अब फड़-ठेला व्यवसायियों और बाहरी व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन हेतु एक सघन अभियान चलाया जाएगा, ताकि शहर में सुव्यवस्थित व्यवस्था कायम की जा सके।

इस अभियान में एसडीएम राहुल शाह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, आरटीओ गुरुदेव सिंह सहित नगर निगम एवं परिवहन विभाग की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।

प्रशासन ने बताया कि इस तरह के अभियान नियमित रूप से आगे भी जारी रहेंगे, ताकि हल्द्वानी शहर को अतिक्रमण, अव्यवस्था और अवैध गतिविधियों से मुक्त रखा जा सके।