


हरिद्वार


उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। हरिद्वार में सुबह से हल्की बारिश जारी है, और मौसम विभाग ने तेज़ हवाओं, बिजली की कड़क और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई जिलों में दहशत और सतर्कता दोनों का माहौल है।



मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई जिले अलर्ट मोड पर हैं। विशेष रूप से देहरादून, चंपावत और नैनीताल में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी मौसम के अचानक बिगड़ने की चेतावनी दी गई है।



प्रशासन ने लोगों से खुले स्थानों से दूर रहने, गैरज़रूरी यात्रा से बचने और सतर्कता बरतने की अपील की है। भारी बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कों के अवरुद्ध होने का खतरा बना हुआ है।


यात्रियों, खासकर चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति अगले 24 से 48 घंटों तक बनी रह सकती है।



