
स्थान : डोईवाला/देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को मिल रही सुविधाओं और प्रोत्साहनों के बीच दक्षिण भारत की फिल्म ‘अनएक्सपेक्टेड’ के कुछ दृश्यों की शूटिंग डोईवाला की केशवपुरी बस्ती में की गई। शूटिंग को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

फिल्म की शूटिंग के दौरान बस्ती क्षेत्र में खलनायक को पुलिस द्वारा पकड़कर ले जाने से जुड़े कई दृश्य फिल्माए गए। कलाकारों और तकनीकी टीम ने अलग-अलग एंगल से इन दृश्यों को कैमरे में कैद किया।


लाइट, कैमरा और एक्शन की आवाजों के बीच देर रात तक शूटिंग का सिलसिला चलता रहा। फिल्म यूनिट की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।


शूटिंग के दौरान केशवपुरी बस्ती के विभिन्न हिस्सों को फिल्म की कहानी के अनुरूप इस्तेमाल किया गया। टीम ने लोकेशन पर कई टेक लेकर दृश्यों को अंतिम रूप दिया।


बताया जा रहा है कि फिल्म के कुछ अन्य दृश्यों की शूटिंग इससे पहले थानों क्षेत्र में भी की जा चुकी है। उत्तराखंड की अलग-अलग लोकेशन को फिल्म में शामिल किया जा रहा है।

फिल्म में अभिनेता संजय कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ फिल्म की अन्य स्टारकास्ट और तकनीकी टीम भी उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर शूटिंग कर रही है।



स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में फिल्म की शूटिंग होने से डोईवाला और आसपास की लोकेशन को नई पहचान मिलने की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर भी फिल्म पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है।

उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय परिवेश को फिल्म में स्थान मिलने से प्रदेश की लोकेशन दक्षिण भारत के दर्शकों तक भी पहुंचेगी। फिल्म निर्माण से जुड़े ऐसे प्रोजेक्ट प्रदेश में पर्यटन और स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा दे सकते हैं।

