


हल्द्वानी

थाना बनभूलपुरा पुलिस ने आज सुबह अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाही थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी के नेतृत्व में की गई, जिसमें दो टीमें गठित कर एक साथ छापे मारे गए।



पहली कार्रवाई में उप निरीक्षक मनोज यादव की टीम ने लाइन नंबर 8 के पास से जमशेद पुत्र मजीद, निवासी लाइन नंबर 7, बिलाली मस्जिद के पास को अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए पकड़ा। मौके से 6 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मोटर, वेट मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए।


वहीं दूसरी टीम का नेतृत्व कर रहे उप निरीक्षक जगवीर सिंह ने आमिर उर्फ शाहरूख पुत्र मोहम्मद रशीद, निवासी लाइन नंबर 6 को उनके घर पर UK04TA9164 नंबर के टेंपो में गैस रिफिलिंग करते हुए पकड़ा। वहां से भी गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रिक कांटा, और रिफिलिंग मोटर जब्त की गई।



दोनों मामलों में पूर्ति विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अवैध कार्यों से ना सिर्फ सुरक्षा को खतरा होता है, बल्कि यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग, अवैध कारोबार व सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।



